Abhishek Bachchan
Delhi HC: दिल्ली हाईकोर्ट बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन की पब्लिसिटी और पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा अादि से संबंधित याचिका पर अादेश पारित करेगा।
अदालत ने कहा- हम आदेश पारित करेंगे
दरअसल, बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन ने वेबसाइटों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को उनकी छवि, फोटो, व्यक्तित्व और फर्जी वीडियो (जिसमें यौन रूप से आपत्तिजनक सामग्री भी शामिल है) के इस्तेमाल से रोकने की मांग की है। जस्टिस तेजस कारिया ने बच्चन की ओर से पेश वकील का नोट रिकॉर्ड पर लिया, जिसमें उन प्रतिवादी संस्थाओं का उल्लेख था जिनके खिलाफ राहत मांगी गई थी। अदालत ने कहा, “हम आदेश पारित करेंगे।”
यह हैं मुख्य बिंदु
- 9 सितंबर को अदालत ने अभिषेक की पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन की समान याचिका भी सुनी थी, जिसमें उन्होंने अपनी पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को उनके नाम, फोटो और AI से तैयार अश्लील सामग्री का इस्तेमाल रोकने की मांग की थी। अदालत ने कहा कि उस मामले में भी वह अंतरिम आदेश पारित करेगी।
- 2023 में उनकी बेटी आराध्या बच्चन ने भी हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपनी सेहत से जुड़ी भ्रामक खबरों और कंटेंट को हटाने का आदेश मांगा था।
अभिषेक बच्चन की दलीलें
उनके वकील प्रवीन आनंद ने बताया कि प्रतिवादी लोग AI-जनित वीडियो और फर्जी तस्वीरें बना रहे हैं, जिनमें से कई यौन सामग्री वाली हैं। साथ ही, उनकी फर्जी ऑटोग्राफ वाली तस्वीरें और पोस्टर बेचकर अवैध व्यापार किया जा रहा है। कोर्ट में बताया गया कि अभिषेक बच्चन एक वैश्विक पहचान वाले अभिनेता हैं, जिन्हें अब तक 57 पुरस्कार मिल चुके हैं (जिनमें 9 फिल्मफेयर अवार्ड शामिल हैं)। वे कबड्डी और फुटबॉल लीग्स को भी प्रमोट करते हैं। याचिका में कहा गया कि उनके नाम, आवाज, छवि, विशिष्ट संवाद शैली और हस्ताक्षर उनकी पर्सनैलिटी का हिस्सा हैं और इनका दुरुपयोग बिना अनुमति किसी भी व्यावसायिक उद्देश्य से नहीं किया जा सकता।
कोर्ट की टिप्पणी
अदालत ने यह भी कहा कि यदि आदेश में वेबसाइट के URLs सार्वजनिक कर दिए जाते हैं, तो इससे उल्टा व्यक्ति के अधिकारों को नुकसान हो सकता है। इस पर वकील ने कहा कि चूंकि तुरंत कार्रवाई करके उन्हें ब्लॉक कर दिया जाएगा, इसलिए यह चिंता नहीं होनी चाहिए।
अगली सुनवाई की तिथि
मामला 7 नवंबर को जॉइंट रजिस्ट्रार के समक्ष और 15 जनवरी 2026 को अदालत के समक्ष आगे की कार्यवाही के लिए सूचीबद्ध किया गया है। ऐश्वर्या राय बच्चन की याचिका भी इन्हीं तारीखों पर सुनी जाएगी।
प्रतिवादी संस्थाओं में ये शामिल हैं
Bollywood Tee Shop, Tee Public, Ice Poster, Top Pix, Wallpaper Cave, Wallpaper.com, GM Authentic Autos LLC, JS Sham Rock और Etsy, कुछ यूट्यूब चैनल जैसे AI MH 39, Eat with Celebrities, Enjoy with Celebrities, All In 1, Game with Giri, साथ ही Google LLC, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और दूरसंचार विभाग।







