Delhi News: भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ ने लोगों से पशुओं के प्रति दयालुता दिखाने और अधिक करुणामय जीवन अपनाने की अपील की है।
पशु भी संवेदनशील प्राणी है…
पेटा इंडिया (People for the Ethical Treatment of Animals – PETA India) के 25वें स्थापना दिवस समारोह में उन्होंने पशु अधिकारों की रक्षा और शाकाहार (Veganism) को बढ़ावा देने के लिए पेटा इंडिया के प्रयासों की सराहना की। इस बात पर जोर दिया कि पशु भी संवेदनशील प्राणी हैं और हमें उनके प्रति दयालु व्यवहार करना चाहिए।
छोटे से आंदोलन के रूप में शुरू हुआ था संगठन
चंद्रचूड़ ने कहा, पेटा इंडिया ने पिछले 25 वर्षों में उल्लेखनीय कार्य किया है। यह एक छोटे से आंदोलन के रूप में शुरू हुआ था, लेकिन अब यह पूरे भारत और दुनिया के अन्य हिस्सों में फैल चुका है। हमें करुणा, प्रेम और दयालुता फैलाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है, और यह याद रखना चाहिए कि इस ग्रह पर मौजूद अन्य प्रजातियों के पास हमें सिखाने के लिए बहुत कुछ है।
पेटा इंटरनेशनल की संस्थापक भी थी मौजूद
पेटा इंटरनेशनल की संस्थापक इंग्रिड न्यूकिर्क ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और इस बात पर जोर दिया कि किसी भी आकार या प्रजाति के पशु की पीड़ा को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। पेटा इंडिया की निदेशक पूर्वा जोशीपुरा ने भी इस अवसर पर बोलते हुए न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ और उनके परिवार की शाकाहारी जीवनशैली और पशु संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

