Viral Video: गुजरात हाईकोर्ट की एक वर्चुअल सुनवाई के दौरान एक युवक का टॉयलेट पर बैठे हुए वीडियो वायरल हो गया है।
20 जून को कोर्ट की सुनवाई के दौरान हुआ था वायरल
यह घटना 20 जून को जस्टिस निरजार एस देसाई की बेंच के सामने हुई। युवक ‘समद बैटरी’ नाम से लॉगइन हुआ था। शुरुआत में वह ब्लूटूथ ईयरफोन पहने हुए स्क्रीन पर नजर आया। कुछ ही देर बाद उसने कैमरा एडजस्ट किया, जिससे पता चला कि वह टॉयलेट सीट पर बैठा है। वीडियो में आगे दिखता है कि वह खुद को साफ करता है और वॉशरूम से बाहर निकलकर दूसरे कमरे में चला जाता है। कोर्ट रिकॉर्ड के मुताबिक, युवक एक एफआईआर रद्द करने की याचिका में पक्षकार था। वह इस केस में मूल शिकायतकर्ता भी था। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका था, इसलिए कोर्ट ने एफआईआर रद्द कर दी।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
यह पहली बार नहीं है जब वर्चुअल कोर्ट की कार्यवाही के दौरान अनुशासनहीनता सामने आई हो। अप्रैल में गुजरात हाईकोर्ट ने एक व्यक्ति पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान स्मोकिंग करने पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया था। इसी तरह मार्च में दिल्ली की एक अदालत ने एक व्यक्ति को समन भेजा था, जो ऑनलाइन सुनवाई के दौरान सिगरेट पीते हुए नजर आया था।
कोर्ट की सख्त हिदायत
देशभर की अदालतें लगातार यह अपील कर रही हैं कि वर्चुअल सुनवाई को भी फिजिकल कोर्ट की तरह गंभीरता से लिया जाए। कोर्ट ने वकीलों और पक्षकारों से कहा है कि वे ऑनलाइन सुनवाई के दौरान भी मर्यादा बनाए रखें और अनुशासन का पालन करें।

